ख़बरिस्तान नेटवर्क : एशिया में अपना दबदबा बढ़ाने के मामले में भारत ने एक बार फिर अपनी स्थिति मजबूत की है। ऑस्ट्रेलिया के थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की ओर से जारी ‘एशिया पावर इंडेक्स 2026’ में भारत को एशिया का तीसरा सबसे प्रभावशाली देश बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत का कुल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। इस सूची में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर कायम हैं।
आर्थिक क्षमता में गिरावट, फिर भी तीसरे स्थान पर भारत
एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत की आर्थिक क्षमता के स्कोर में गिरावट दर्ज की गई है। इस श्रेणी में भारत को 26.4 अंक मिले हैं। हालांकि, स्कोर कम होने के बावजूद भारत तीसरे स्थान पर बना हुआ है। लोवी इंस्टीट्यूट के मुताबिक, भारतीय अर्थव्यवस्था के स्कोर में गिरावट के पीछे रुपए की कमजोरी और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की ओर से अर्थव्यवस्थाओं का आकलन करने के तरीके में किए गए बदलाव शामिल हैं। इसके अलावा विदेशों में भारत के निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी का असर भी रैंकिंग पर पड़ा है।
भविष्य के संसाधनों में भारत को मिला फायदा
आर्थिक क्षमता में गिरावट के बावजूद भारत के भविष्य के संसाधनों से जुड़े प्रदर्शन में सुधार हुआ है। इस श्रेणी में भारत का स्कोर बढ़कर 56.2 अंक पहुंच गया है। रिपोर्ट के अनुसार, यह बढ़ोतरी देश की भविष्य की आर्थिक संभावनाओं और उपलब्ध अवसरों को दर्शाती है। लोवी इंस्टीट्यूट ने भारत के प्रदर्शन को मिला-जुला बताया है, क्योंकि जहां आर्थिक क्षमता में चुनौतियां सामने आईं, वहीं कूटनीतिक और क्षेत्रीय प्रभाव में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कूटनीतिक प्रभाव में भारत को 70.3 अंक
भारत के लिए कूटनीतिक प्रभाव सबसे मजबूत क्षेत्र बनकर सामने आया है। इस श्रेणी में देश को 70.3 अंक मिले हैं। रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व के आकलन में भी सुधार दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, क्षेत्रीय नेताओं के प्रभाव के आकलन में प्रधानमंत्री मोदी तीन स्थान ऊपर पहुंचे हैं। इस श्रेणी में वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे स्थान पर रहे।
आर्थिक रिश्तों में भी भारत की स्थिति सुधरी
भारत ने दूसरे एशियाई देशों के साथ आर्थिक संबंधों के मामले में भी सुधार किया है। इस श्रेणी में देश दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि क्षेत्रीय व्यापार और निवेश संबंधों में स्थिरता का भारत को फायदा मिला है। इसके चलते देश ने इस क्षेत्र में कई अन्य देशों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया।









