जालंधर के बाद अब अमृतसर के चीफ खालसा दीवान स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, इमरजेंसी के बीच बच्चों को घर भेजा गया

After Jalandhar, the Chief Khalsa Diwan School in Amritsar has now received a bomb threat; students were sent home amidst the emergency.

अमृतसर के चीफ खालसा दीवान की ओर से संचालित श्री गुरु हरिकृष्ण सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब स्कूल प्रशासन ने अचानक छुट्टी का ऐलान कर दिया। अभिभावकों को मैसेज भेजकर बच्चों को तुरंत स्कूल से घर ले जाने के लिए कहा गया।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे के आसपास स्कूल के व्हाट्सऐप ग्रुपों में अभिभावकों को मैसेज भेजे गए। मैसेज में किसी स्पष्ट कारण का उल्लेख नहीं किया गया और सिर्फ इमरजेंसी का हवाला देते हुए बच्चों को जल्द स्कूल से ले जाने के लिए कहा गया। इसके बाद बड़ी संख्या में अभिभावक बच्चों को लेने के लिए स्कूल के बाहर पहुंचने लगे।

इसी बीच चर्चा सामने आई कि स्कूल प्रबंधन को कथित तौर पर पैसों से जुड़ा धमकी भरा संदेश मिला है। दावा किया जा रहा है कि मांग पूरी नहीं होने पर स्कूल को निशाना बनाने की धमकी दी गई। हालांकि, इस कथित धमकी की अभी तक आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।

कुछ अभिभावकों और विद्यार्थियों के मुताबिक, स्कूल की ओर से उन्हें केवल इमरजेंसी की जानकारी दी गई और बच्चों को उनके माता-पिता के साथ घर भेजने की व्यवस्था की गई। किसी तरह की अफवाह या डर का माहौल न बनाने की भी कोशिश की गई।अचानक छुट्टी की सूचना के बाद स्कूल के बाहर अभिभावकों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने के लिए पहुंचा।

फिलहाल स्कूल प्रशासन की ओर से पूरे मामले पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि धमकी की सूचना की वास्तविकता क्या है और इसका स्रोत क्या था।फिलहाल बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल परिसर में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

बता दे कि जालंधर के कुछ स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना है। स्कूल को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद तुरंत इसकी जानकारी जालंधर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच शुरू की गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जालंधर रैली के मद्देनजर पुलिस पहले से ही सुरक्षा को लेकर अलर्ट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *