जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले से सुरक्षा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। बुधवार दोपहर बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने CRPF के अखरान कैंप में नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर फायरिंग कर दी। इस हमले में दो जवान घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 2:15 बजे की है। फायरिंग में घायल दोनों जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाबलों ने हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है।
बता दें कि कुलगाम दक्षिण कश्मीर का संवेदनशील इलाका है और श्रीनगर से करीब 70 से 75 किलोमीटर दूर स्थित है। कुलगाम के अलावा अनंतनाग और शोपियां के आसपास के इलाकों में भी पहले आतंकी गतिविधियां सामने आती रही हैं।









