IPL 2027 से पहले दो बड़ी टीमों में खिलाड़ियों की अदला-बदली, हार्दिक-अर्शदीप की फ्रेंचाइजी बदली

ख़बरिस्तान नेटवर्क : IPL 2027 सीजन से पहले दो बड़ी फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई है। भारतीय स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अब मुंबई इंडियंस का साथ छोड़कर पंजाब किंग्स की टीम में शामिल हो गए हैं। वहीं, पंजाब किंग्स ने अपने प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस के साथ ट्रेड कर दिया है।

दोनों खिलाड़ी 18-18 करोड़ रुपए में गए
इस ट्रेड के बाद हार्दिक पंड्या की फीस 16.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 18 करोड़ रुपये हो गई है। दूसरी तरफ अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस से 18 करोड़ रुपये की मौजूदा फीस पर ही जुड़ेंगे। इस बड़े बदलाव के बाद दोनों टीमों का संयोजन नए सिरे से तैयार होगा।

मुंबई के साथ 10 सीजन बिताने के बाद हार्दिक की विदाई
हार्दिक पंड्या का मुंबई इंडियंस के साथ लंबा जुड़ाव रहा है। उन्होंने 2015 से 2021 तक लगातार सात सीजन इस फ्रेंचाइजी के लिए खेले। इसके बाद 2022 और 2023 में वह गुजरात टाइटंस का हिस्सा बने। IPL 2024 में उनकी मुंबई इंडियंस में वापसी हुई और 2026 तक उन्होंने टीम के लिए तीन और सीजन खेले। इस तरह हार्दिक ने मुंबई के साथ कुल 10 सीजन बिताए। रिपोर्ट के मुताबिक, IPL 2026 के बाद वह खुद फ्रेंचाइजी से अलग होना चाहते थे। अब ट्रेड के जरिए उनका नया ठिकाना पंजाब किंग्स बन गया है।

कप्तानी की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे
हार्दिक पंड्या के करियर में मुंबई इंडियंस की कप्तानी एक बड़ा मोड़ साबित हुई। IPL 2024 से पहले मुंबई ने उन्हें गुजरात टाइटंस से ऑल-कैश डील के तहत अपनी टीम में शामिल किया था। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तानी सौंप दी।

रोहित की अगुवाई में मुंबई इंडियंस पांच बार IPL का खिताब जीत चुकी थी। ऐसे में हार्दिक पर टीम को उसी सफलता तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी थी, लेकिन बतौर कप्तान उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।

हार्दिक की कप्तानी में मुंबई ने 2024 का सीजन अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रहते हुए खत्म किया। 2025 में टीम ने प्लेऑफ तक जगह बनाई, लेकिन 2026 में एक बार फिर उसका प्रदर्शन कमजोर रहा और उसे नौवें स्थान से संतोष करना पड़ा।

गुजरात टाइटंस के कप्तान के तौर पर शानदार रहा रिकॉर्ड
मुंबई इंडियंस के साथ कप्तानी का अनुभव भले ही हार्दिक के लिए चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन गुजरात टाइटंस के कप्तान के रूप में उनका रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली था। उनकी अगुवाई में गुजरात ने 31 मुकाबले खेले, जिनमें 22 में जीत दर्ज की, जबकि 9 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *