ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में 120 फुट रोड के अधूरे हिस्से को खुलवाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। पीपीआर मॉल से इनकम टैक्स कॉलोनी रोड तक बंद पड़े सड़क के हिस्से को आम लोगों के लिए खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्षद बलराज ठाकुर की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी कमिश्नर (DC) को मांग पत्र सौंपा। डीसी की गैरमौजूदगी में एडीसी दिव्या पी. ने ज्ञापन प्राप्त किया। उनके पास डीसी का अतिरिक्त प्रभार भी है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया कि इस समस्या का जल्द समाधान करवाया जाएगा और वह खुद मौके का दौरा करेंगी।
120 फुट रोड का करीब 100 फुट हिस्सा अवैध कब्जों की चपेट में
पार्षज बलराज ठाकुर ने बताया कि यह सड़क श्री गुरु रविदास चौक से शुरू होकर जीबी नगर, लतीफपुरा, ग्रीन मॉडल टाउन और पीपीआर मार्केट से गुजरते हुए इनकम टैक्स कॉलोनी रोड तक जाती है। पीपीआर मार्केट से आगे अंध विद्यालय के पास से इनकम टैक्स कॉलोनी तक सड़क का लगभग 100 फुट हिस्सा कब्जे की वजह से बंद पड़ा है। यहां केवल 20 फुट का रास्ता ही इस्तेमाल के लिए बचा है। लोगों का कहना है कि इस कारण सड़क का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा और इलाके के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

2012 में हाईकोर्ट ने दिए थे आदेश, फिर भी नहीं खुला रास्ता
बंद पड़ा यह हिस्सा इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की ऋषि नगर स्कीम के अंतर्गत आता है। स्थानीय निवासी लंबे समय से इस सड़क को पूरी चौड़ाई में खुलवाने की मांग कर रहे हैं। इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से वर्ष 2012 में ही आदेश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद इतने साल बीतने के बाद भी प्रशासन की तरफ से कब्जे हटाने और सड़क खोलने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
एडीसी ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति देखने का दिया भरोसा
कांग्रेस पार्षद बलराज ठाकुर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि सड़क पर हुए अवैध कब्जों को हटाकर पूरे 120 फुट हिस्से को यातायात के लिए खोला जाए। एडीसी दिव्या पी. ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया और कहा कि वह खुद भी जल्द घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगी।
मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारी और इलाके के लोग रहे मौजूद
इस मौके पर पीपीआर मार्केट के प्रधान गुरदीप सिंह राजा, मॉडल टाउन मार्केट के प्रधान राजीव दुग्गल, रवींद्र सिंह, अजीत वालिया, राकेश शर्मा, गुरप्रीत सिद्धू, जगमोहन कौड़ा, अभिषेक गुप्ता, हरजीत सिंह बिट्टू, इंद्रजीत गुम्बर, प्रिंसजीत पिंका, शांति लाल दुआ, बाबू राम अरोड़ा, गुरप्रीत भाटिया, लक्की नाहर, तरनप्रीत राजा, मास्टर पुरुषोत्तम, एडवोकेट मधु, रचना, तरसेम लाल चुम्बर, विशाल शर्मा, डॉ. मनोज भारद्वाज, दमन ओबेरॉय, डॉ. शशिकांत, राजवंत सिंह और परमजीत सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।









