ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में सुबह-सुबह पठानकोट बाईपास के पास कैपिटल अस्पताल के पास दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में कई लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। इनमें एक महिला की हालत काफी ज्यादा गंभीर बताई जा रही है और निजी अस्पताल में उसे भर्ती करवाया गया है।
खराब होने के कारण खड़ा था टिप्पर
टिप्पर चला रहे केवल सिंह ने बताया कि उनकी गाड़ी का केबल बीच रास्ते में टूट गया था। जिस कारण उन्होंने गाड़ी को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया था और उसको रिपेयर करवा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार वेगनार कार पीछे से आई और टकरा गई। जिस कारण कार में बैठे सभी लोग जख्मी हो गए।
ड्यूटी जॉइन करने जा रहा था व्यक्ति
वहीं बताया जा रहा है कि कार सवार की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है। वह जम्मू से छुट्टियां बीता कर चंडीगढ़ में ड्यूटी जॉइन करने जा रहा था। इस दौरान बीच रास्ते में खड़े टिप्पर से उसकी गाड़ी जा टकराई। मनीष सीआरपी का कर्मी है।
हादसे में बच्चा और व्यक्ति भी चोटिल
वहीं पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार में सवार व्यक्ति और बच्चे को भी चोटें आई हैं। पर महिला को ज्यादा चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। महिला को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है जहां उसका ईलाज चल रहा है। क्रेन की मदद से गाड़ी को किनारे किया जा रहा है। दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।