ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में 24 मई को आंधी - बारीश के बाद लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। तापमान में भी गिरावट आई है । वहीं आज फिर से आंधी चल सकती है और बारिश की संभावना है। बता दें कि नौतपा शुरू हुए दो दिन हो चुके हैं, फिर भी राज्य में न तो लू की चेतावनी है और न ही कोई गर्म हवाएं चल रही हैं। इसके विपरीत राज्य में अधिकतम तापमान में गिरावट आई है और फिलहाल यह सामान्य से 5.4 डिग्री कम दर्ज किया गया है।
तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री नीचे पहुंचा
मौसम विभाग ने 29 मई तक लू की कोई चेतावनी जारी नहीं की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान में औसतन 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस कम है, जिसे इस गर्मी में मौसम में एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।
राज्य में सबसे अधिक तापमान लुधियाना के समराला (36.9 डिग्री सेल्सियस) में दर्ज किया गया, जबकि कई अन्य जिलों में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 34.7 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 35.2 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 33 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज बारिश की संभावनाएं
पंजाब में आज लू की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन गुरदासपुर, होशियारपुर, पठानकोट, नवांशहर, रोपड़, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और अमृतसर जिलों में अगले चार दिनों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। फाजिल्का, मुक्तसर साहिब, बठिंडा, फरीदकोट, मनसा, संगरूर जैसे दक्षिण-पश्चिमी जिलों में कोई चेतावनी नहीं है।