जालंधर में यूट्यूबर के घर पर ग्रेनेड फेंकने वाले सातवें आरोपी की भी गिरफ़्तारी हो गई है। पुलिस ने रविवार यानी कल शाम को उसे चंडीगढ़ एयरपोर्ट से दबोचा है। देहात पुलिस की सीआईए स्टाफ के इंचार्ज पुष्प बाली ने अपनी टीम के साथ मिलकर आरोपी को पकड़ा। जिसकी पहचान मनिंदर उर्फ बॉबी के रूप में हुई है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
हमले का मुख्य आरोपी था हार्दिक
बता दें कि youtuber रोजर संधू के घर पर ग्रेनेड हमला करने का मुख्यारोपी हार्दिक कंबोज था। जो हरियाणा यमुनानगर का रहने वाला था। उसकी गिरफ़्तारी उसके घर के पास से की गई थी। हथियार की रिकवरी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी, जिसके बाद जवाबी फायरिंग में गोली लगने से वह घायल हो गया था।
इसके बाद आरोपी हार्दिक से पूछताछ की गई जिससे बाकी के लोग भी पकड़े गए। पूछताछ के बाद अमितप्रीत सिंह और दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया। जानकारी के मुताबिक आरोपियों के साथ एक महिला भी थी, जोकि पुलिस हिरासत में ली गई थी। इसके बाद दो अन्य साथी धीरज और पांडेय को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
ISI के कहने पर हुआ हमला
जालंधर के डीआईजी ने कहा था कि हार्दिक कंबोज ने जीशान के कहने पर ये हमला किया था। जीशान ने आगे शहजाद भट्टी के कहने पर हार्दिक कंबोज के साथ संपर्क में आया था। जिसके बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिलवाया। शहजाद भट्टी कोई और नहीं, बल्कि ISI का ऑपरेटिव है। ISI के कहने पर ही हार्दिक काम कर रहा है। पंजाब में भी वही माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है।