पंजाब में एक बार फिर से मौसम बदल गया है। बीते दिन कई जिलों में बारिश भी हुई।वही आज फिर तीन ज़िलों में बारिश होने की संभावना है। इनमें पठानकोट, होशियारपुर और गुरदासपुर शामिल हैं। इन दिनों रातें सामान्य से काफ़ी गर्म रही हैं, जबकि दिन का तापमान सामान्य बना हुआ है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस ज़्यादा दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
अगले तीन दिनों तक राज्य के कई इलाकों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, इस असामान्य गर्मी से जल्द ही कुछ राहत मिल सकती है। वही इसी बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके चलते मौसम विभाग ने 5 अक्टूबर से अगले तीन दिनों तक राज्य के कई इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी की है और हल्की से मध्यम बारिश या बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। 5 से 7 अक्टूबर तक राज्य में होने वाली बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी।
राज्य भर में तापमान में मामूली वृद्धि
पिछले 24 घंटों में राज्य भर में तापमान में मामूली वृद्धि हुई है। कल की तुलना में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री की वृद्धि हुई है। अधिकतम तापमान सामान्य रहा, लेकिन न्यूनतम तापमान में 4.6 डिग्री की वृद्धि हुई। सबसे ज़्यादा तापमान मानसा में 36.6 डिग्री दर्ज किया गया।