पंजाब सरकार ने कैबिनेट मीटिंग में उद्योगपतियों के लिए दो वन टाइम सेटलमेंट योजना की मंजूरी दे दी है। कैबिनेट मीटिंग के बाद मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहली योजना में लैंड एन्हांसमेंट स्कीम है, जिसमें उद्योगपतियों को 8 फीसदी ब्याज के साथ बकाया राशि का भुगतान करना होगा। वहीं इस योजना के तहत कंपाउंडिंग ब्याज और पेनल्टी माफ कर दी गई है।
31 दिसंबर तक जारी रहेगी स्कीम
वहीं दूसरी योजना प्रिंसिपल अमाउंट से जुड़ी OTS स्कीम है। इस योजना में भी 8 फीसदी ब्याज देना होगा। लोगों की सुविधा के लिए दो हेल्प काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे। दोनों योजनाएं 31 दिसंबर तक लागू रहेंगी। सरकार को उम्मीद है कि इस योजना से 4 हजार से ज्यादा लोगों का फायदा होगा।
पंजाब में जल्द ही नई इंडस्ट्री पॉलिसी लाई जाएगी
उन्होंने बताया कि जल्द ही एक नई इंडस्ट्री पॉलिसी लाई जाएगी। सरकार की कोशिश है कि इसे देश के अन्य राज्यों से बढ़िया बनाया जाए। मीटिंग में लुधियाना के कारोबारी और राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा भी मौजूद थे। मीटिंग से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात कर व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की थी