ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में आई बाढ़ पर अब राजनीति गर्मा गई है। हाल ही में पंजाब के दौरे पर आए कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने बाढ़ का जिम्मेदार अवैध खनन को बताया। जिस पर अब आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधा है और कहा कि कृषि मंत्री झूठ बोल रहे हैं। आपदा के समय पंजाब को बदनाम न करें।
आपदा के समय राजनीति न करे भाजपा
AAP ने कहा कि पंजाब में जो बाढ़ का पानी आ रहा है वह हिमाचल और जम्मू-कश्मीर से आ रहा है। इस आपदा के समय में भाजपा को राजनीति नहीं करनी चाहिए और न ही पंजाब को बदनाम करना चाहिए। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान झूठ बोल रहे हैं। वह हिमाचल, जम्मू और उत्तराखंड में आई बाढ़ पर क्या आरोप लगाएंगे।
केंद्र से नहीं मिला राहत पैकेज
AAP ने आगे कहा कि इस मुश्किल स्थिति में पीएम मोदी की तरफ से पंजाब की बाढ़ पर एक शब्द नहीं निकला। यहां तक कि केंद्र की तरफ से कोई भी राहत पैकेज भी नहीं मिला। इसलिए भाजपा को ऐसे समय में राजनीति करने के बजाय लोगों की मदद करनी चाहिए।
अवैध खनन थी बाढ़ की वजह
दरअसल 2 दिन पहले शिवराज चौहान पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे थे। दौरा करने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखी कि पंजाब में जो बाढ़ आई है वह अवैध खनन के कारण आई है। वहीं नदियों और नहरों के बांधों की सफाई भी नहीं हुई थी। जो बाढ़ का कारण बनी।