ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के दिलबाग नगर में दिन-दहाड़े वकील की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान एडवोकेट परमिंदर सिंह ढींगरा के रूप में हुई है। परमिंदर सिंह ढींगरा ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट फेडरेशन के प्रधान भी थे। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पड़ोसी ने बात करने के बहाने बाहर बुलाया
बताया जा रहा है कि परमिंदर सिंह अपने घर में मौजूद थे। इस दौरान उनके पड़ोसी ने उन्हें बात करने के बहाने घर से बाहर बुलाया। जिसके बाद वह नंगे पांव ही घर से निकले। जैसे ही वह घर से बाहर निकले तो उन पर गोली चला दी गई। जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
लोगों ने किया जमकर हंगामा
पुलिस की शुरूआती जांच के मुताबिक गोली लगने के बाद परमिंदर ढींगरा सीढ़ियों से गिर गए। गिरने के बाद ही उनकी मौत हुई है। घटना के बाद पुलिस ने घर को सील कर दिया और किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया। जिसके बाद परमिंदर के आस-पड़ोस के लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस मामले में अब तक 3 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
परमिंदर की मौत के बाद उनके आस-पास के रहने वालों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गोली लगने के बाद पुलिस उन्हें अस्पताल क्यों नहीं लेकर गई।