भारतीय मूल के दिग्गज ब्रिटिश उद्योगपति (Industrialist) और हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य लॉर्ड स्वराज पॉल का 94 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पंजाब के जालंधर में जन्मे स्वराज पॉल ने लंदन में रहकर कैपारो ग्रुप की स्थापना की और ब्रिटेन के शीर्ष उद्योगपतियों में शामिल हुए।
2022 में पत्नी अरुणा का हुआ निधन
पॉल ने व्यवसायिक दुनिया में बड़ी सफलता हासिल की, लेकिन उनका निजी जीवन कई दुखद घटनाओं से गुजरा। साल 2015 में उनके बेटे अंगद पॉल की 8वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी, जबकि 2022 में उनकी पत्नी अरुणा का भी निधन हो गया।
40 से अधिक देशों में अपना व्यापार फैलाया
1931 में जन्मे स्वराज पॉल ने कम उम्र में लंदन जाकर कारोबार की शुरुआत की। कैपारो ग्रुप की स्टील और इंजीनियरिंग कंपनियों के बल पर उन्होंने 40 से अधिक देशों में अपना व्यापार फैलाया। संडे टाइम्स रिच लिस्ट के अनुसार, इस साल वह 2 अरब पाउंड (करीब 21,000 करोड़ रुपये) की संपत्ति के साथ ब्रिटेन के अमीरों की सूची में 81वें स्थान पर थे।
अब बेटे आकाश पॉल के हाथों में जिम्मेदारी
स्वराज पॉल के दूसरे बेटे आकाश पॉल वर्तमान में कैपारो इंडिया के चेयरमैन और कैपारो ग्रुप के निदेशक हैं। कंपनी का मुख्यालय लंदन में है, लेकिन इसका कारोबार अमेरिका, भारत और मिडिल ईस्ट समेत कई देशों में फैला हुआ है।