अगर आप भी ऑटो में सफर करते है , तो यह खबर आपके लिए जरूरी हो सकती है। दरअसल लुधियाना में हाईवे पर एक महिला से ऑटो में सवार तीन बदमाशों ने लूट की कोशिश की। लुटेरों ने महिला के हाथ उसकी चुन्नी से बांधने का प्रयास किया, लेकिन महिला हिम्मत से उनसे भिड़ गई और करीब आधा किलोमीटर तक ऑटो के बाहर लटकती रही।
कई बार गिरते-गिरते बची महिला
घटना के दौरान महिला कई बार गिरते-गिरते बची। पीछे चल रहे वाहन चालकों ने मदद की कोशिश की, लेकिन ऑटो चालक ऑटो भगाता रहा। कुछ दूरी पर ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। एक आरोपी मौके से फरार हो गया जबकि दो को लोगों ने पकड़ लिया।
महिला ने जालंधर बाइपास से ऑटो लिया था
पीड़िता ने बताया कि उसने जालंधर बाइपास से ऑटो लिया था। रास्ते में बदमाशों ने हथियार दिखाकर उसके हाथ बांधने की कोशिश की और उसे उतरने नहीं दिया। महिला ने चलते ऑटो से लटक कर लोगों से मदद मांगी। इस दौरान दो कारें भी क्षतिग्रस्त हुईं और ऑटो पलट गया, जिससे 2 लुटेरे घायल हो गए और एक साथी मौके से फरार हो गया। लोगों ने लुटेरों को पुलिस के हवाले कर दिया है।