जालंधर के फिल्लौर में एक बहू ने अपनी 95 वर्षीय सास की बेरहमी से पिटाई कर दी। खाना मांगने पर बहू ने बुजुर्ग सास को जमीन पर लिटा दिया और उसके ऊपर बैठ कर बुरी तरह से पिटाई की। जिसके बाद बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
घटना सोशल मीडिया पर वायरल
यह घटना सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। घटना के बाद से बहू घर से फरार बताई जाती है। जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड नंबर 8 सब्जी मोहल्ला के सैदां मोहल्ले की रहने वाली बुजुर्ग महिला शीला देवी के पति का देहांत हो चुका है। उसकी एक बेटी और एक बेटा मनजीत कुमार हैं जो दोनों शादी शुदा हैं। मनजीत के 2 बच्चे भी हैं। अपने बेटे के साथ ही वह घर में रहती है।
सास ने की बहू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
जानकारी देते हुए शीला देवी ने बताया कि उसने बहू को आवाज लगा कर खाना मांगा था, लेकिन बहू ने उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी। वहीं इस सारी घटना की वीडियो किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है। बुजुर्ग महिला ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसकी बहू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। या फिर उसके प्राण निकाल दो , मुझसे इस अवस्था में बहू के और अत्याचार नहीं सहे जाते हैं।
बहू न तो साफ कपड़े देती है और न ही खाना
शीला देवी ने बताया उसकी बहू न तो उसका कहना मानती है, न ही अपने पति का। जैसे ही उसका बेटा सुबह घर से काम पर जाता है तो उसकी बहू का उस पर अत्याचार शुरू हो जाता है। वह न तो उसे साफ कपड़े देती है और न ही खाना। इस उम्र में भी वह अपने कपड़े खुद धोती है। वहीं रात को जब उसका बेटा घर आने वाला होता है तब बहू उसे एक टाइम खानादेती है।
वहीं अगर दिन में वह बहू से खाना मांगती है तो बदले में वह उसके मुंह पर 2-3 थप्पड़ जड़ देती है। बुजुर्ग महिला शीला देवी ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसकी बहू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।