खबरिस्तान नेटवर्क। करप्शन केस में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा के समधी राजू रोशन लाल मदान की गिरफ्तारी की खबर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक उसे विजीलेंस टीम ने गुजरात के सूरत से किसी टेक्सटाइल मिल से गिरफ्तार किया गया है और अब आरोपी को जालंधर लाया जा रहा है। फिलहाल इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विधायक रमन अरोड़ा के भ्रष्टाचार केस में विजिलेंस मदान को ढूंढ रही थी।
इससे पहले दिन में विधायक रमन अरोड़ा को विजिलेंस उनके समधी राजू मदान के घर लेकर पहुंची थी। राजू मदान का घर गोविंद नगर, बस्ती गुजां में है। विजिलेंस टीम अरोड़ा के साथ मदान के घर करीब दो घंटे रुकी रही। चार गाड़ियों के काफिले में आई विजिलेंस की टीम में एक महिला अफसर भी थी। विजिलेंस अरोड़ा को मदान के घर क्यों लेकर आई इस बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
समधी के साथ सियासत में आए
राजू मदान यूं तो बिजनेसमैन हैं, मगर अपने समधी रमन अरोड़ा के विधायक बनने के बाद वह भी राजनीति में एक्टिव हो गए थे। करीब तीन साल राजू ने भी सियासी लीडर की तरह पूरी फीलिंग ली। वह अक्सर सियासी प्रोग्राम में नजर आते थे। कई जगह तो वह रमन अरोड़ा की जगह भी जाते थे। लोग भी उन्हें अब रमन अरोड़ा का प्रतिनिध ही मानते थे। होशियारपुर रोड और रामामंडी के आसपास के इलाकों में राजू मदान का सियासी कद था।
मदान का बिजनेस तेजी से बढ़ा
रमन अरोड़ा के विधायक बनने के बाद राजू मदान के बिजनेस का ग्राफ भी तेजी से बढ़ा। नगर निगम चुनाव में राजू मदान मेयर के पद के दावेदार के रूप में भी उभरे थे, मगर जगदीश राज राजा के आम आदमी पार्टी में आने के बाद राजू मदान की ये दावेदारी खारिज हो गई थी।
फरार चल रहे थे मदान
पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक रमन अरोड़ा को विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया था। राजू मदान इस मामले में फरार चल रहे हैं। विजिलेंस को संदेह है कि राजू मदान और उनके बेटे के पास अरोड़ा की अवैध गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग या दस्तावेज हैं। उनके घर पर पुलिस तैनात है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है।