जालंधर में सिटी पुलिस की एक टीम ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखवंत सिंह पुत्र रेशम सिंह निवासी धीरपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 1 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
12 कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से चार अवैध .32 बोर के हथियार और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस उससे उसके साथियों के बारे में पूछताछ करेगी। यह कार्रवाई जालंधर सिटी पुलिस की सीआईए स्टाफ टीम ने की है। सीआईए स्टाफ इंचार्ज सुरिंदर सिंह कंबोज की टीम को एक मामले में आरोपी सुखवंत सिंह की तलाश थी। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी को थाना डिवीजन नंबर 1 के एरिया से गिरफ्तार कर लिया।
गोल्डी बराड़ का था साथी
आरोपी मूल रूप से करतारपुर का रहने वाला है। दो साल पहले तक विदेश में रह रहे गैंगस्टर गोल्डी बरार के साथ भी लिंक था। फिर किसी बात को लेकर दोनों में अनबन हो गई। जिसके बाद उसने अकेले गैंग चलाना शुरू कर दिया।
15 से अधिक एफआईआर दर्ज
आरोपी के खिलाफ पंजाब के अलग अलग थानों में 15 से अधिक एफआईआर दर्ज हैं। इनमें शस्त्र अधिनियम, जबरन वसूली, हत्या का प्रयास और तस्करी के मामले शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार आरोपी आतंकी लखबीर सिंह लांडा के कुछ करीबी सहयोगियों को निशाना बनाने वाला था। जिसके लिए उसने हथियार मंगवाए थे। आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है कि उसके साथ और कितने लोग शामिल थे और उसने कहां-कहां और किन-किन गैंगस्टरों की भर्ती की थी।