चीन के दक्षिणी क्षेत्र में स्थित गुआंग्डोंग प्रांत में बाढ़ और भूस्खलन में अब तक करीब 47 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई दर्जन लोगों के घायल होने की भी आशंका है और मौतों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। चीन की सरकारी मीडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि मीझोउ शहर में 38 अन्य लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इसी शहर में इसके पहले नौ अन्य लोगों की मौत हुई थी।
कई घर हुए तबाह
बता दें कि अप्रैल में ही चीन में 100 साल की सबसे भयावह बाढ़ की चेतावनी जारी की गई थी। इस दौरान भी चीन के कई प्रांत सैलाब में डूबे थे। इस सैलाब ने लाखों घरों को अपनी चपेट में ले लिया।
रेस्क्यू टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ और भूस्खलन की वजह से सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके साथ ही फसलें भी नष्ट हो गईं हैं। बचाव दल की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं और प्रभावित क्षेत्रों में सहायता पहुंचा रही हैं।
रिपोर्ट के अनुसार चीन की बाढ़ नियंत्रण इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम के चार लेवल हैं, जिनमें लेवल-I सबसे गंभीर है। बताया जा रहा है कि मेझाऊ शहर से 10,000 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया था। वहीं 1 लाख 30 हज़ार से ज़्यादा लोग बिजली की किल्लत से जूझ रहे थे। कई अन्य प्रांतों में पहले ही लेवल-IV इमरजेंसी रिस्पॉन्स एक्टिव कर दिया गया है।