ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना की वेस्ट सीट पर जल्द ही उपचुनाव होने वाले हैं। कांग्रेस की ओर से पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु चुनाव लड़ रहे हैं तो वहीं आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव में राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा है। हालांकि शिरोमणि अकाली दल ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। वहीं भाजपा की तरफ से पंजाबी एक्टर कमलदीप सिंह उर्फ हॉबी धालीवाल के नाम पर चर्चा गरम हो गई है।
चुनाव लड़ने के लिए हमेशा तैयार- धालीवाल
हॉबी धालीवाल ने मीडिया को बताया कि वह लुधियाना उपचुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं अगर उनकी पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह जरूर चुनाव लड़ेंगे। पार्टी उन्हें जहां भी देश में चुनाव लड़ने के लिए कहेगी, वह हमेशा तैयार रहेंगे।
कौन हैं हॉबी धालीवाल
हॉबी धालीवाल एक पंजाबी एक्टर हैं और उनका जन्म संगरूर में हुआ। उन्होंने 2012 में बुर्राह से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। एक्टिंग के साथ-साथ ही हॉबी धालीवाल भाजपा के सक्रिय नेता भी हैं। उन्होंने पहले लोकसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के पक्ष में प्रचार किया था।