जालंधर में भाजपा नेता भरत अटवाल के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। भरत अटवाल से परेशान होकर उनकी पत्नी सुनैना ने खुदकुशी कर ली थी। इस मामले में लड़की वालों ने भरत अटवाल और उनके परिवार के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज किया है।
दहेज को लेकर करता था परेशान
मृतका की मां वंदना ने पुलिस शिकायत में कहा कि ससुराल परिवार सुनैना को शादी के बाद लगातार दहेज की मांग को लेकर परेशान करता था। इसी कारण उसने मजबूर होकर खुदकुशी की है। वंदना देवी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सुनैना की शादी 7 महीने पहले जालंधर कैंट निवासी शोभा राम के बेटे भरत अटवाल जौली से की थी। शादी के दौरान करीब 22 लाख रुपए भी खर्च किए थे लेकिन इसके बावजूद भी ससुराल परिवार ने सुनैना को शादी के बाद लगातार तंग करना शुरू कर दिया।
उन्होंने आगे कहा कि उसकी बेटी ने काफी कोशिश की कि उसका घर वसा रहे लेकिन ससुराल परिवार ने सभी हदें पार कर दी तो उसने दुखी होकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस आरोपियों के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई करे।
परिवार के खिलाफ केस दर्ज
SHO शेखों ने कहा कि वंदना देवी के बयानों पर पुलिस ने थाना जालंधर कैंट में मृतका के पति भरत अटवाल जौली, सास देवी, ससुर शोभा राम, ननद सोनिया, ताया ससुर की बेटियों मनीशा व मोनिका के खिलाफ नए बी.एन.एस. की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
उन्होंने कहा कि सभी आरोपी फरार हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनकी तलाश में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस टीमें रेड कर रही हैं। मृतका सुनैना का शव सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। कल सुबह पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।