राजस्थान के अलवर जिले की रामगढ़ सीट से कांग्रेस विधायक जुबैर खान का 61 साल में निधन हो गया। जुबैर खान एक साल पहले हुए लीवर ट्रांसप्लांट के बाद से काफी बीमार रहते थे। जिसक बाद आज सुबह 5:50 बजे अलवर में उनकी मौत हो गई।
पत्नी सफिया जुबैर ने दी जानकारी
जुबैर खान अलवर जिले की रामगढ़ सीट से कांग्रेस से विधायक थे। उनके निधन की जानकारी उनकी पत्नी सफिया जुबैर ने दी। सफिया जुबैर भी राजनीति में एक्टिव रही हैं। जुबैर खान के निधन से कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। वे एक अनुभवी और समर्पित नेता थे, जिन्होंने अलवर जिले में कांग्रेस को मजबूत करने में भूमिका निभाई थी।
डेढ़ महीने में दो विधायकों की गई जान
राजस्थान में बीते करीब डेढ़ महीने में दो विधायकों की मौत हुई है। इससे पहले 8 अगस्त को सलूंबर से भाजपा विधायक अमृतलाल मीणा का हार्ट अटैक से निधन हुआ था। रामगढ़ विधायक के निधन के बाद अब खाली विधानसभा सीटों की संख्या 7 हो गई है। इनमें 5 सीटें लोकसभा चुनाव में विधायकों के सांसद चुने जाने के कारण खाली हुई थीं।