जालंधर के आदमपुर के पास पतारा में छिंज मेले के दौरान गोलियां चल गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। ये घटना गुरुवार शाम की है। बताया जा रहा है कि मेले में आयोजकों का एक संगठन के साथ विवाद हो गया था। इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, मामला इतना बढ़ गया था कि संगठन के साथ आए कुछ उपद्रवियों ने अपनी राइफल से फायरिंग कर दी। डीएसपी आदमपुर और थाना पतारा की पुलिस मौके पर पहुंची थी। फायरिंग के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

पूर्व सरपंच थी आयोजक
गांव कंगनीवाल में छिंज मेले का आयोजन किया गया था। जिसमें आयोजक गांव की पूर्व सरपंच हरजीत कौर थी। मेले में शामिल होने के लिए अलग-अलग संगठन आए हुए थे। जिनमें से एक संगठन का मेले के आयोजकों के साथ विवाद हो गया था। पहले तो दोनों पक्षों में बहस हुई। जिसके बाद एक व्यक्ति ने राइफल से गोलियां चलानी शुरू कर दी।

मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम में दी गई। घटना स्थल पर जांच के लिए डीएसपी आदमपुर कुलवंत सिंह और थाना पतारा के एसएचओ हरदेव प्रीत सिंह अपनी टीमों के साथ पहुंच गए थे। पुलिस ने बताया कि मामले में दो दोषियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो राइफल भी बरामद की गई है। आरोपियो पर हत्या का प्रयास का केस दर्ज किया गया है।
इन धाराओं के तहत केस दर्ज
पतारा पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (BNS) 2023 की धारा 109, 125, 190 और 191 (3) और आर्म्स एक्ट, 1959 की धारा 25, 27 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार लोगों को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।
एसएसपी खख ने कहा, हथियारों के व्यवहार और सार्वजनिक रूप से हथियारों के इस्तेमाल के खिलाफ हमारी शून्य-सहिष्णुता की नीति दृढ़ है। डराने-धमकाने की ऐसी हरकतों से, खासकर सार्वजनिक समारोहों में, कानून के मुताबिक सख्ती से निपटा जाएगा।