पंजाब में 2 हजार PTI शिक्षकों की भर्ती, कल से शुरू होगी प्रक्रिया

Recruitment of 2,000 PTI teachers in Punjab; process to begin tomorrow.

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे पंजाब के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। पंजाब सरकार ने प्राइमरी कैडर में 2,000 PTI (Physical Training Instructor) शिक्षकों की भर्ती का ऐलान किया है। भर्ती प्रक्रिया 31 जुलाई से शुरू होगी। लंबे समय से शारीरिक शिक्षा विभाग में भर्ती का इंतजार कर रहे योग्य उम्मीदवारों के लिए यह बड़ा मौका माना जा रहा है।

हालांकि, शिक्षा विभाग की ओर से भर्ती की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क से जुड़ी विस्तृत जानकारी 31 जुलाई को जारी की जाएगी। उम्मीदवारों की मदद के लिए विभाग ने भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है।

क्या हो सकती हैं योग्यताएं?

विभाग ने अभी आधिकारिक नियम एवं शर्तें जारी नहीं की हैं। हालांकि, संभावित तौर पर उम्मीदवारों के लिए ये योग्यताएं लागू हो सकती हैं:

शैक्षणिक योग्यता: मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास और शारीरिक शिक्षा में D.P.Ed., C.P.Ed. या सरकार से मान्यता प्राप्त समकक्ष योग्यता।
पंजाबी भाषा: 10वीं कक्षा में पंजाबी विषय पास होना जरूरी हो सकता है।
आयु सीमा: न्यूनतम 18 वर्ष और सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम 37 वर्ष तक। आरक्षित वर्गों को नियमों के अनुसार आयु में छूट मिल सकती है।
चयन प्रक्रिया: लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और भर्ती नियमों के तहत अन्य निर्धारित चरण शामिल हो सकते हैं।

शिक्षा विभाग में 16 हजार से ज्यादा भर्तियां

मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का दावा है कि मार्च 2022 से अब तक 67,037 से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। इनमें सबसे ज्यादा 16,308 भर्तियां शिक्षा विभाग में हुई हैं।

इसके अलावा पंजाब पुलिस में 12,966, PSPCL/PSTCL में 8,765 से ज्यादा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 6,320 और स्थानीय निकाय विभाग में 5,771 युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने का सरकार ने दावा किया है।

सरकार के मुताबिक, इस अवधि में निजी और अन्य क्षेत्रों को मिलाकर करीब 5.5 लाख रोजगार के अवसर भी पैदा हुए हैं।पंजाब सरकार का कहना है कि सरकारी भर्तियां मेरिट के आधार पर, बिना रिश्वत और राजनीतिक सिफारिश के की गई हैं। सरकार का यह भी दावा है कि 2022 के बाद भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक का कोई मामला सामने नहीं आया और युवाओं को राज्य में ही रोजगार उपलब्ध करवाकर विदेश पलायन रोकने पर भी फोकस किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *