तरनतारन में एक बड़ा दर्दनाक हादसा देखने को मिला है। जहां पाठ के लिए एक घर में छत के ऊपर बैठे लोगों की नीचे से छत गिर गई। छत गिरने के कारण 40 से 45 लोग उसके नीचे दब गए। इस हादसे में महिला समेत 2 लोगों की मौत हो गई है। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
काफी पुरानी थी छत
लोगों के मुताबिक गांव के ही हरभजन सिंह के घर पर सहज पाठ का भोग था। जिसमें गांव के कई लोग आए थे। इस दौरान घर के अंदर पाठ चल रहा था कि तभी भर-भराकर छत नीचे गिर गई। जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद लोगों ने नीचे दबे लोगों को निकालना शुरू किया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
2 की मौत, 30 जख्मी
इस हादसे में 2 की मौत हो गई है, जबकि 30 लोग जख्मी बताए जा रहे हैं। अस्पताल में कईयों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है।