खबरिस्तान नेटवर्क: पंजाब में 24 घंटों के दौरान मौसम में बहुत बदलाव हुआ है। कई जिलों में बादल छाए हुए नजर आए हैं। वहीं कुछ जिलों में बारिश भी हुई है। राज्य के अधिकतम तापमान की बात करें तो 6.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट भी दर्ज की गई है। इसके साथ ही ज्यादातर तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस से नीचे भी गिर गया है। देर रात मौसम खराब होने के कारण कई फ्लाइट्स को अमृतसर में भी डायवर्ट करना पड़ा है।
अमृतसर में हुई बारिश
मौसम विभाग से आई जानकारी के मुताबिक, बीते दिन अमृतसर में 4 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई है। आज भी कई जिलों में बारिश की संभावना बताई जा रही है हालांकि मौसम विभाग ने इस बारे में कोई भी चेतावनी नहीं दी है। पंजाब में सबसे ज्यादा तापमान पटियाला और बठिंडा में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
न्यूनतम तापमान में आई गिरावट
इसके अलावा न्यूनतम तापमान की बात करें तो उसमें भी 0.8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। वहीं अब भी तापमान सामान्य से 4.3 सेल्सियस ज्यादा है। पंजाब में सबसे कम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह तापमान थीन डैम पठानकोट में दर्ज किया गया है।
मौसम खराब होने के कारण अमृतसर में लैंड हुई फ्लाइट्स
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम काफी खराब है। इसके कारण कई घरेलू और अंतराष्ट्रीय फ्लाइट्स को दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करने की अनुमति नहीं मिली। घने बादलों, तेज हवाओं के कारण कम से कम 7 फ्लाइट्स को अमृतसर एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा है।
16 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में कुछ दिन मौसम में थोड़ा बदलाव आने के बाद फिर गर्मी पड़ने वाली है। मौसम विभाग के आंकड़ों की मानें तो पंजाब में 16 अप्रैल के बाद अब हीट वेव का यैलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। पहले भी जब मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट किया था तो बठिंडा और कुछ बाकी जिलों को छोड़कर जिलों में तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया था लेकिन इस हीट वेव में यह कहा जा रहा है कि पंजाब के ज्यादातर शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है।