ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में स्कूलों के समय को लेकर बड़ी खबर है। एक अप्रैल से सरकारी स्कूलों का समय बदल दिया गया है। पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अब सभी स्कूल मंगलवार सुबह 8 बजे से खुलेंगे। तो वहीं 2 बजे स्कूलों की छुट्टी होगी। सरकार की तरफ़ से ये आदेश 30 सितंबर तक लागू रहेंगे।
पंजाब सरकार ने लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव करने का फैसला लिया है। यदि गर्मी इसी तरह बढ़ती रही तो शिक्षा विभाग स्कूल समय के दौरान और दिशा-निर्देश भी जारी कर सकता है।
2 अप्रैल तक 7 डिग्री बढ़ेगा पारा
पंजाब में तापमान लगातार बढ़ रहा है। राज्य में अधिकतम तापमान में औसतन 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, हालांकि मौसम विभाग इसे सामान्य श्रेणी में मान रहा है। पंजाब में सबसे अधिक तापमान गुरदासपुर में 33.5°C दर्ज किया गया, जो राज्य के अन्य भागों की तुलना में सबसे अधिक था।
3 दिन में 5 से 7 डिग्री बढ़ेगा पारा
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार तापमान में वृद्धि जारी रहेगी। 2 अप्रैल तक दिन का अधिकतम तापमान 5 से 7 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे यह सामान्य से भी अधिक हो जाएगा और लोगों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। इसके साथ ही राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।