ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के फरीदकोट में नहर से करीब 6 साल के बच्चे का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चे का शव पानी में बहता हुआ मिला। शुरुआती जांच में उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, बच्चे के हाथ-पैर बारीक तार से बांधे गए थे। पुलिस ने मामले को हत्या से जोड़कर जांच शुरू कर दी है।
नहर में बहता मिला बच्चे का शव
जानकारी के मुताबिक, नहर में बच्चे का शव दिखाई देने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकलवाया और कब्जे में लिया। जांच के दौरान बच्चे के शरीर पर चोट के गहरे निशान मिले। उसके हाथ और पैर बारीक तार से बंधे हुए थे।
खाकी टी-शर्ट और काले हाफ पैंट में था बच्चा
बच्चे ने खाकी रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। टी-शर्ट पर अंग्रेजी में “Always Have Attitude” लिखा हुआ था। इसके अलावा बच्चे ने काले रंग का हाफ पैंट और पैरों में सैंडल पहनी हुई थी। बच्चे की उम्र करीब 6 साल है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया
पुलिस का कहना है कि शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए बच्चे की हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शव को तार से बांधकर नहर में फेंका गया। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के इलाकों से जुड़े सुराग जुटा रही है।









