त्योहारों से पहले आम आदमी को झटका, पेट्रोल 5 रुपए, डीज़ल 3 रुपए हुआ महंगा

त्योहारों के सीजन के बीच पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। निजी फ्यूल रिटेलर नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम में ₹5 प्रति लीटर और डीजल में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें 3 अक्टूबर 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। कंपनी के देशभर में 7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : त्योहारों के सीजन के बीच पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। निजी फ्यूल रिटेलर नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम में ₹5 प्रति लीटर और डीजल में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें 3 अक्टूबर 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। कंपनी के देशभर में 7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं।

भोपाल में इतना हुआ पेट्रोल-डीजल का रेट
कीमतों में बढ़ोतरी के बाद भोपाल में नायरा के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की कीमत ₹119.54 प्रति लीटर और डीजल ₹103.64 प्रति लीटर हो गया है। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में पेट्रोल और डीजल की अंतिम कीमत स्थानीय टैक्स और अन्य शुल्क के कारण अलग हो सकती है।

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच फैसला
नायरा एनर्जी की ओर से कीमतों में यह बदलाव ऐसे समय किया गया है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। बढ़ती लागत और मौजूदा रिटेल कीमतों के बीच अंतर को कम करने के लिए कंपनी ने यह कदम उठाया है।

मार्च में भी बढ़ाए थे दाम
नायरा एनर्जी ने इससे पहले 26 मार्च 2026 को भी पेट्रोल की कीमत ₹5 और डीजल की कीमत ₹3 प्रति लीटर बढ़ाई थी। उस समय ईरान संघर्ष और पश्चिम एशिया में तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में कीमतों पर दबाव बढ़ा था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रूड की कीमतों में नरमी आने पर कंपनी ने 1 जुलाई 2026 को पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता कर दिया था। जुलाई की कटौती ने मार्च में की गई बढ़ोतरी को पूरी तरह वापस ले लिया था।

सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदले दाम
फिलहाल इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) की ओर से इस बढ़ोतरी के साथ पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों में बदलाव की घोषणा नहीं की गई है। इन तीनों कंपनियों के पास भारत के फ्यूल रिटेल नेटवर्क का बड़ा हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *