चंडीगढ़ और मोहाली को दहलाने की धमकी, मेयर ऑफिस से लेकर स्टेडियम को बम से उड़ाने का मिला ईमेल

ख़बरिस्तान नेटवर्क : चंडीगढ़ और मोहाली (ट्राईसिटी) के कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों को बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी मिली है। एक अज्ञात ईमेल के जरिए चंडीगढ़ के बैंकों, नगर निगम के मेयर ऑफिस, मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट और मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। इतना ही नहीं, इस धमकी भरे ईमेल में मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ और बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन को भी जान से मारने की धमकी दी गई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

धमाकों का समय तय कर दी गई चेतावनी
भेजे गए ईमेल में धमाकों का बाकायदा समय भी लिखा गया है। इसमें दावा किया गया है कि चंडीगढ़ के विभिन्न बैंकों और नगर निगम के मेयर कार्यालय में दोपहर 1:11 बजे धमाका किया जाएगा, जबकि मोहाली एयरपोर्ट पर रात 9:11 बजे विस्फोट करने की बात कही गई है। इसके साथ ही आगामी 12 दिसंबर को मुल्लांपुर स्टेडियम में आईईडी (IED) ब्लास्ट करने की भी चेतावनी दी गई है। ईमेल में पंजाब और खालिस्तान का जिक्र करते हुए कई अन्य स्थानों को भी निशाना बनाने की धमकी लिखी गई है।

दिलजीत दोसांझ और अमिताभ बच्चन को जान से मारने की धमकी
धमकी भरे संदेश में फिल्मी और संगीत जगत की बड़ी हस्तियों का भी नाम लिया गया है। ईमेल में लिखा गया है कि दिलजीत के आईफोन में विस्फोट किया जाएगा और ‘उनका आखिरी सफर शुरू हो चुका है’। इसके अलावा, 31 दिसंबर तक एक समारोह (जलसे) के दौरान अमिताभ बच्चन की हत्या करने की भी धमकी दी गई है। संदेश में आम लोगों को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि वे अपने बच्चों को सुरक्षित रखें, दिलजीत के लाइव शो में न जाएं और आईफोन का इस्तेमाल न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *