ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए विशेष टूर पैकेज की घोषणा की।
IRCTC के संयुक्त महाप्रबंधक (पर्यटन, चंडीगढ़) हर्षदीप ने बताया कि विशेष धार्मिक ट्रेन 14 नवंबर को जम्मू से रवाना होगी और 26 नवंबर को 12 रात और 13 दिन की यात्रा पूरी कर वापस लौटेगी। इस दौरान फिरोजपुर डिवीजन, नॉर्दर्न रेलवे के PRI विक्रांत भी मौजूद रहे।
पंजाब समेत कई स्टेशनों से ट्रेन में चढ़ने की सुविधा
पंजाब और आसपास के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ट्रेन में पठानकोट, अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला, चंडीगढ़, करनाल, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली और ग्वालियर से बोर्डिंग और डिबोर्डिंग की सुविधा दी गई है। यानी श्रद्धालुओं को यात्रा शुरू करने के लिए जम्मू तक जाने की जरूरत नहीं होगी।
तिरुपति, रामेश्वरम और कन्याकुमारी समेत 5 धार्मिक स्थल शामिल
13 दिन की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के पांच प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इनमें तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरई, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन शामिल हैं। यात्रा को इस तरह तैयार किया गया है कि श्रद्धालु एक ही पैकेज के तहत कई प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकें।
पैकेज में खाना, होटल और घूमने की सुविधा
IRCTC के मुताबिक यह ऑल-इनक्लूसिव टूर पैकेज है। इसमें यात्रियों के ठहरने के लिए होटल, सुबह-शाम की चाय और नाश्ता, तीनों समय शाकाहारी भोजन, दर्शनीय स्थलों के लिए बस और स्टेशन से होटल तक ट्रांसफर की सुविधा शामिल है। यात्रा के दौरान ट्रेन की पेंट्री कार में ही भोजन तैयार किया जाएगा।
यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में 24 घंटे फर्स्ट-एड बॉक्स की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। जरूरत पड़ने पर अगले नजदीकी रेलवे स्टेशन पर डॉक्टर की व्यवस्था किए जाने की बात भी अधिकारियों ने कही है।
₹24 हजार से शुरू होगा किराया, तीन कैटेगरी में पैकेज
IRCTC ने इस यात्रा के लिए तीन श्रेणियां तय की हैं। इकॉनमी कैटेगरी में स्लीपर क्लास का किराया लगभग ₹24,000 प्रति व्यक्ति है। इसमें नॉन-एसी होटल और नॉन-एसी बस की सुविधा मिलेगी। स्टैंडर्ड कैटेगरी में थर्ड एसी का किराया ₹42,000 प्रति व्यक्ति है, जिसमें एसी होटल और नॉन-एसी बस शामिल है। वहीं कंफर्ट कैटेगरी में सेकंड एसी का किराया ₹56,000 प्रति व्यक्ति है। इसमें एसी होटल और एसी बस की सुविधा दी जाएगी। ट्रेन में स्लीपर क्लास की 480, थर्ड एसी की 210 और सेकंड एसी की 50 सीटें उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग की सुविधा
इच्छुक यात्री IRCTC की आधिकारिक पर्यटन वेबसाइट के माध्यम से इस यात्रा के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा ऑफलाइन बुकिंग के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित IRCTC क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक, कैंसिलेशन की स्थिति में यात्रा से 15 दिन पहले टिकट रद्द करने पर ₹250 प्रति व्यक्ति शुल्क कटेगा। 8 से 14 दिन पहले कैंसिलेशन पर 50 प्रतिशत, जबकि 4 से 7 दिन पहले रद्द करने पर 75 प्रतिशत शुल्क काटा जाएगा। यात्रा में 4 दिन से कम समय बचने पर रिफंड नहीं दिया जाएगा।









