जालंधर में RTI एक्टिविस्ट पर ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज, नगर निगम के STP से 10 लाख मांगने का आरोप

जालंधर में अब आम लोगों के साथ-साथ सरकारी अधिकारी भी कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होने लगे हैं। नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी को ब्लैकमेल करने और उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठी खबरें प्रकाशित करवाकर दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने खुद को RTI एक्टिविस्ट बताने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में अब आम लोगों के साथ-साथ सरकारी अधिकारी भी कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होने लगे हैं। नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी को ब्लैकमेल करने और उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठी खबरें प्रकाशित करवाकर दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने खुद को RTI एक्टिविस्ट बताने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, इस पूरे मामले में एक कथित मीडिया कर्मी की भूमिका भी पुलिस जांच के दायरे में आ गई है।

आरोप है कि दोनों मिलकर पहले आम लोगों को निशाना बनाते थे, लेकिन अब नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों पर भी दबाव बनाने की कोशिश की जा रही थी। शिकायत में अधिकारी से 10 लाख रुपये की मांग किए जाने और पैसे न देने पर बदनाम करने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

नगर निगम के STP सुरेंद्र सिंह बिंद्रा ने पुलिस को दी शिकायत
नगर निगम जालंधर में STP के पद पर तैनात सुरेंद्र सिंह बिंद्रा ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि एक व्यक्ति RTI आवेदन दाखिल करने और सोशल मीडिया के जरिए उन्हें लगातार निशाना बना रहा था। शिकायत के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति खुद को RTI एक्टिविस्ट बताता है और उनके खिलाफ कथित तौर पर भ्रामक व झूठी खबरें प्रकाशित करवाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा था।

अधिकारी का आरोप है कि सोशल मीडिया पर भी उनके खिलाफ सामग्री डालकर दबाव बनाया जा रहा था, ताकि उनसे पैसे वसूले जा सकें। लगातार मिल रही कथित धमकियों और बदनाम करने की कोशिशों से परेशान होकर उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

मीडिया कर्मी के जरिए 10 लाख रुपये देने का दबाव बनाने का आरोप
शिकायत में जालंधर के एक कथित मीडिया कर्मी की भूमिका को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सुरेंद्र सिंह बिंद्रा के मुताबिक, उक्त मीडिया कर्मी उन्हें बार-बार खबरें प्रकाशित होने का हवाला देकर कहता था कि वह RTI एक्टिविस्ट को 10 लाख रुपये दे दें, अन्यथा वह उनके खिलाफ नुकसान पहुंचाने वाली कार्रवाई करवा सकता है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मीडिया कर्मी के नाम पर उनकी छवि खराब करने वाली खबरें भी प्रकाशित करवाई गईं। उनका दावा है कि इस तरीके से उन्हें मानसिक दबाव में लाकर पैसे देने के लिए मजबूर करने की कोशिश की जा रही थी।

RTI एक्टिविस्ट पर FIR, मीडिया कर्मी की भूमिका की जांच
पुलिस ने शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर खुद को RTI एक्टिविस्ट बताने वाले व्यक्ति के खिलाफ ब्लैकमेलिंग के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, कथित मीडिया कर्मी की भूमिका को लेकर अभी जांच जारी है। जांच में मीडिया कर्मी की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया है और जांच पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *