पंजाब में 34 साल पुराने केस में पूर्व SSP को इतने साल की सजा, CBI कोर्ट ने सुनाया फैसला

मोहाली की विशेष CBI अदालत ने 1992 में लुधियाना के ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह सकरी को अगवा कर लापता करने के मामले में पंजाब पुलिस के पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी करार दिया है

ख़बरिस्तान नेटवर्क : मोहाली की विशेष CBI अदालत ने 1992 में लुधियाना के ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह सकरी को अगवा कर लापता करने के मामले में पंजाब पुलिस के पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी करार दिया है। आज CBI कोर्ट ने दोषी SSP को 7 साल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।

शादी समारोह में पहुंचे ट्रांसपोर्टर को पुलिस उठा ले गई थी
यह मामला करीब 34 साल पुराना है। लुधियाना के ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह सकरी 25 नवंबर 1992 को अपने साले की बेटी के शादी समारोह में शामिल होने होटल अमलतास पहुंचे थे। इसी दौरान तरनतारन पुलिस की एक टीम उन्हें अपने साथ ले गई। परिवार को उम्मीद थी कि पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया जाएगा, लेकिन इसके बाद अमरीक सिंह का कोई पता नहीं चला। काफी तलाश और प्रयासों के बावजूद उनके परिवार को उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

मुख्यमंत्री बेअंत सिंह तक पहुंचाई गई थी शिकायत
CBI की जांच में सामने आया कि अमरीक सिंह को पुलिस द्वारा उठाए जाने की सूचना टेलीग्राम के माध्यम से तत्कालीन वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई गई थी। उनकी रिहाई और ठिकाने का पता लगाने के लिए उस समय पंजाब के मुख्यमंत्री रहे बेअंत सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया गया था। हालांकि, इतने प्रयासों के बावजूद अमरीक सिंह का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की जांच के बाद CBI ने इस घटना को लेकर कानूनी कार्रवाई की और मामला अदालत तक पहुंचा।

पूर्व SSP दोषी, सुरक्षा गार्ड को मिली राहत
आपको बता दें कि बीते दिन ही मोहाली की विशेष CBI अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा को अमरीक सिंह सकरी के अपहरण और लापता किए जाने के मामले में दोषी ठहराया था। हालांकि, उनके साथ आरोपी बनाए गए सुरक्षा गार्ड परमिंदरजीत सिंह को पर्याप्त सबूत नहीं मिलने के कारण संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *