ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज की ओर से आज जालंधर बंद का ऐलान किया गया है। बंद के दौरान श्री गुरु रविदास चौक पर बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने रस्सी लगाकर रास्ता बंद कर दिया और चौक पर धरना देकर शांतिपूर्वक रोष प्रदर्शन किया।
नेताओं ने घटना को बताया निंदनीय
धरने के दौरान समाज के नेताओं ने लुधियाना में हुई घटना की निंदा की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की।
खुले बैंकों को भी बंद में शामिल होने की अपील
जालंधर बंद की कॉल के बावजूद शहर में कुछ बैंक खुले रहे। इसके बाद अलग-अलग जत्थेबंदियों के सदस्य संबंधित बैंकों में पहुंचे और कर्मचारियों से विनम्रता के साथ शाम 5 बजे तक बंद का समर्थन करने की अपील की। इस दौरान कैपिटल बैंक के बाहर भी कुछ नौजवान बैंक बंद करवाने के लिए पहुंचे। इसके बाद बैंक कर्मचारी ने समर्थन देने का आश्वासन दिया और बैंक बंद कर दिया गया।
सरकार को गंभीरता से ध्यान देने के लिए कहा
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका रोष सरकार तक पहुंचाना है और बाबा साहेब की प्रतिमा के अपमान की घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करवाना उनका मुख्य उद्देश्य है। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार से मामले को गंभीरता से लेने, आरोपियों की गिरफ्तारी करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।









