ख़बरिस्तान नेटवर्क : रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। सिनेमाघरों में रिलीज होने के महज 8 दिनों के भीतर फिल्म ने दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही ‘रामायण’ 1,000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली 11वीं भारतीय फिल्म बन गई है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने अपनी शानदार कमाई के दम पर भारतीय सिनेमा की बड़ी व्यावसायिक सफलताओं में जगह बना ली है।
दुनियाभर में 1,033 करोड़ के पार पहुंची कमाई
फिल्म के आठवें दिन यानी 12 नवंबर के कलेक्शन के बाद ‘रामायण’ की कुल वर्ल्डवाइड कमाई 1,033.55 करोड़ रुपये हो गई है। फिल्म ने भारतीय बाजार के साथ-साथ विदेशी सिनेमाघरों में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। अब यह फिल्म ‘दंगल’, ‘बाहुबली 2’, ‘पुष्पा 2’ और ‘धुरंधर 2’ जैसी 1,000 करोड़ से अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में शामिल हो गई है।
भारत में 675 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने अब तक कुल 675.05 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसमें 564.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन शामिल है। वहीं, विदेशी बाजारों से फिल्म को 358.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। हालांकि वीरवार 12 नवंबर को फिल्म की भारत में कमाई में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई। आठवें दिन घरेलू बाजार में फिल्म का नेट कलेक्शन 53.50 करोड़ रुपये रहा, जबकि विदेशी बाजारों से 25 करोड़ रुपये की कमाई हुई।
दुनियाभर की कमाई में भारत का कितना हिस्सा
‘रामायण’ की कुल वर्ल्डवाइड कमाई में भारतीय बाजार की हिस्सेदारी 65.3 प्रतिशत है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजारों से फिल्म को 34.7 प्रतिशत कमाई हासिल हुई है। पहले ही हफ्ते में 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की मौजूदगी के साथ फिल्म को देश और विदेश दोनों जगह दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।









