असम में भीषण हादसा, मिनी बस और कंटेनर की 23 की मौत

असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों की जान चली गई। यहां तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों की जान चली गई। यहां तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 23 बताई जा रही है। मृतकों में ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं।

टक्कर के बाद बस के अंदर फंसे यात्री
हादसा इतना भीषण था कि मिनी बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के कारण कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए। बचाव दल को शवों और घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम ने बस के हिस्सों को काटा।

पुलिस बोली- तेज रफ्तार में थी मिनी बस
गोलाघाट के एसएसपी स्वप्ननील डेका ने बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव की तरफ जा रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस काफी तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया, गंभीर मरीज रेफर
हादसे में घायल यात्रियों को तुरंत कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। रेस्क्यू टीम बस में फंसे लोगों को निकालने में जुटी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *