ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में सुबह से कई जिलों में बदल छाए हुए है। वही मौसम विभाग के अनुसार आज पंजाब के करीब 8 जिलों में बारिश की संभावना है और 12 जिलों में आंधी का अलर्ट है। इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं/गरज और बिजली गिरने का भी येलो अलर्ट है। फिलहाल पूरे राज्य में अधिकतम तापमान 38 डिग्री से नीचे है। इससे गर्मी से कुछ राहत मिली है।
हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, नवांशहर, मोहाली में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जबकि पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, फरीदकोट, बरनाला, नवांशहर, मोहाली में आंधी-तूफान/बिजली चमकने/तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे की गति) चलने की संभावना है।
सभी जिलों का तापमान 38 डिग्री से कम
वहीं 24 घंटे में राज्य के तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई है, जो राज्य के सामान्य तापमान से 4.6 डिग्री कम है। राज्य में सबसे अधिक तापमान समराला में 38 डिग्री दर्ज किया गया है। हालांकि इसके बाद 9 जून तक आंधी या बिजली गिरने का कोई अलर्ट नहीं है।
राज्य के सभी जिलों में तापमान फिलहाल 33 से 38 डिग्री के बीच है। सभी जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। चंडीगढ़ में तापमान 36.2 डिग्री दर्ज किया गया है। तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट आई है। लुधियाना के तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट आई है। अब यह 35.8 डिग्री दर्ज किया गया है। इसी तरह अमृतसर का तापमान 2.9 डिग्री की गिरावट के साथ 35.5 डिग्री और जालंधर का तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया है।