खबरिस्तान नेटवर्क: बिहार उत्तर प्रदेश सीमा पर वीर कुंवर सिंह सेतू की रेलिंग तोड़ते हुए शुक्रवार रात को एक एसयूवी गंगा नदी में जाकर गिर गई। इस घटना की जानकारी खुद पुलिस ने दी है। उन्होंने कहा कि गाड़ी यूपी से बक्सर की ओर आ रही थी। स्टेशन हाउस ऑफिसर मनोज कुमार सिंह ने कहा कि वाहन (एक स्कॉर्पियो) कथित तौर पर तेज गति से चल रहा था जब यह पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिर गया। एसएचओ ने संवाददाताओं से कहा कि - हमें सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो रेलिंग तोड़कर पानी में गिर गई है। बचाव अभियान शुरु हो गया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि कार की गति ज्यादा थी। घटना शुक्रवार की रात करीब 09 बजे हुई। अभी इस बात की अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है कि स्कॉर्पियों में कितने लोग बैठे थे।
100 से ज्यादा थी गाड़ी की रफ्तार
सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय गाड़ी की रफ्तार 100 से ज्यादा थी। बेकाबू होकर गाड़ी पहले तो डिवाइडर पर चढ़ी और फिर नीचे गिर पड़ी। हादसे के बाद रेस्क्यू टीम ने सर्च ऑपरेशन भी चलाया है। करीब 4 घंटे के बाद स्कॉर्पियो मिली जिसको दो क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया है।
अभी तक चल रहा है सर्च ऑपरेशन
गाड़ी में से एक शख्स की लाश भी बरामद हुई है। वहीं दूसरा शव 15 घंटे के बाद घटना स्थल से 15 किलोमीटर दूर बरामद हुआ है। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो दुर्घटना मामले में दूसरा शव भी बरामद कर लिया है। अब सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया है। स्कॉर्पियो में दो लोगों की मौत होने की बात सामने आई थी। हादसे के बाद डीएम विद्यानंद सिंह और एसपी शुभ आर्य भी मौके पर पहुंच थे। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने देर रात 4 घंटे सर्च ऑपरेशन चलाया और फिर आज यानी शनिवार सुबह भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया था जिसमें दूसरे युवक की लाश मिली।
गाड़ी से मिला फोन
रेस्क्यू टीम को स्कॉर्पियो से ड्राइवर के अलावा एक और शख्स का फोन भी मिला है इससे उनकी पहचान हुई। फोन हर्ष सिंह का है जिसकी लाश 5 किमी दूरी पर मिली है। एसपी ने बताया कि स्कॉर्पियो में कम से कम दो युवक सवार थे इसमें एक का शव मिल चुका है वहीं दूसरे युवक की तलाश की जा रही है।