पंजाब में सुबह से ही बादल छाए हुए है। मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन जिलों में बारिश के साथ-साथ 40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम में ये बदलाव बीते दिनों से एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है। जिसके चलते शुक्रवार को लुधियाना, पटियाला और बठिंडा में बारिश भी ट्रेस की गई।
13 जिलों में बारिश का अनुमान
पंजाब के 13 जिलों में मौसम विभाग ने आज यलो अलर्ट जारी किया है। जिनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का, मुक्तसर और मानसा शामिल है। अनुमान है कि आज इन जगहों पर बारिश के अलावा 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते शुक्रवार औसत अधिकतम तापमान में 2.1°C की गिरावट आई है। शुक्रवार को पंजाब के कई जिलों में बादल छाए रहे। जिसके चलते मौसम में ये बदलाव देखने को मिला। हालांकि, यह राज्य में सामान्य से 2°C अधिक रहा है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8°C दर्ज किया गया, जो लुधियाना में रहा।
मौसम विभाग की तरफ से साझा की गई जानकारी के अनुसार, दो दिन तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है। लेकिन 16 मार्च के बाद एक बार फिर तापमान में उछाल आएगा। जिसके बाद गर्मी बढ़ेगी।