पंजाब में एक बार फिर से मौसम बदलने वाला है। इस दौरान पंजाब में 2 दिन दिन बारिश के आसार हैं। वहीं तापमान में आज ज्यादा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, आने वाले दिनों में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। यह परिवर्तन न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में देखा जाएगा।
बता दें कि पिछले 24 घंटों में पंजाब में औसत अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। हालांकि, राज्य में तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पंजाब में आज आसमान साफ रहने वाला है।
आज किसी भी प्रकार की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। जिसके कारण धूप खिलेगी और तापमान बढ़ेगा। लेकिन एक चक्रवाती परिसंचरण ईरान में, दूसरा पाकिस्तान में और तीसरा परिसंचरण पश्चिम बंगाल में सक्रिय है। जिसके चलते कल यानी मंगलवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसके बाद पहाड़ी इलाकों के अलावा पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा के मौसम में भी बदलाव देखने को मिलेगा।
बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 25 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बन्स सक्रिय हो रहा है। जिसके बाद पड़ोसी राज्यों में भी बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में 25 से 28 फरवरी तक, हिमाचल प्रदेश में 26 से 28 फरवरी तक और उत्तराखंड में 27-28 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
वेस्टर्न डिस्टर्बन्स का असर 26-27 को देगा दिखाई
इस वेस्टर्न डिस्टर्बन्स का असर 26-27 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में दिखाई देगा। इन दोनों दिनों में दोनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश होने की संभावना है। जिसको लेकर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।