पंजाब में आज भी ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने 15 जिलों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि पूर्वी और पश्चिमी मालवा के अन्य इलाकों में येलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने 6 जनवरी को कोहरे का अलर्ट जारी किया है। फिर 7 जनवरी के बाद बादल छाए रहेंगे और 9 जनवरी को बारिश की संभावना है।
शीतलहर का असर पंजाब के साथ-साथ पूरे उत्तर भारत में देखने को मिल रहा है। दिसंबर में बारिश की कमी के कारण जनवरी की शुरुआत कोहरे से हुई, जो 6 जनवरी तक जारी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब के संगरूर, पटियाला, मोहाली, लुधियाना, रूपनगर, शहीद भगत सिंह नगर, मोगा, फिरोजपुर, जालंधर, तरनतारन, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट में आधी रात के बाद से कोहरे का असर दिख रहा है।
कोहरे के कारण कई ट्रेनें प्रभावित
कोहरे का असर रेल यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। नई दिल्ली से चंडीगढ़ शताब्दी, वंदे भारत ट्रेन अपने निर्धारित समय से 30 मिनट की देरी से पहुंची। इसके अलावा पंजाब में 25 से ज्यादा ट्रेनें देरी से पहुंचीं। रेलवे विभाग के अधिकारियों के मुताबिक ट्रेनें 4 से 5 घंटे की देरी से चल रही हैं। कड़ाके की ठंड में ट्रेन लेट होने की वजह से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी की डायरेक्टर पवनीत कौर के मुताबिक, पंजाब में दिसंबर महीने में बारिश होती है, लेकिन इस साल ऐसा नहीं हुआ। शुष्क मौसम के कारण कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। शुष्क मौसम के कारण रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है, जबकि दिन के तापमान में गिरावट जारी है।