पंजाबियों का विदेश जाने का रुझान काफी तेजी से बढ़ रहा है, खासकर युवाओं में। युवा किसी भी तरह अमेरिका, कनाडा और इंग्लैंड जैसे देशों में जाना चाहते हैं। इसके लिए फिर उन्हें चाहे कितना ही खतरा क्यों न मोल लेना पड़े। ऐसी ही एक वीडियो सामने आई है, जहां एक व्यक्ति मैक्सिको के बॉर्डर पार कर रहे कुछ पंजाबी युवाओं से पूछता है कि वह कहां जा रहे हैं।
🇺🇸🇲🇽 US / MEXICO BORDER:
इस पर पंजाबी नौजवान कहते हैं कि वह अमेरिका जा रहे हैं। व्यक्ति आगे कुछ और भी सवाल करता है पर पंजाबी नौजवान उसकी बातें समझ नहीं पाते और कहते हैं कि वह सिर्फ पंजाबी ही समझ सकते हैं। ट्विटर पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
अवैध रुप से अमेरिका जाने में 100 गुना इजाफा
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2012 से 2022 के बीच मेक्सिको के जरिए अमेरिका में घुसने वाले भारतीयों की संख्या में 100 गुना बढ़ोतरी हुई है। साल 2012 में अमेरिका की कस्टम और बॉर्डर पेट्रोल पुलिस ने 642 ऐसे मामले दर्ज किए थे।
अमेरिका में अवैध रूप से घुसने में भारतीय तीसरे नंबर पर
साल 2022 में ये संख्या बढ़कर 63,927 हो गई। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में अवैध रूप से घुसने में भारतीय तीसरे नंबर पर हैं। अमेरिका में अवैध भारतीय प्रवासियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है।
अमेरिकी कस्टम और सीमा सुरक्षा की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार बीते साल अक्टूबर से लेकर इस साल सितंबर तक शुरू होने वाले वित्तीय वर्ष के दौरान भारत से लगभग 42,000 प्रवासियों ने दक्षिणी और मेक्सिको सीमा के जरिए अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश किया है।
एक साल में 97 हजार भारतीय हुए गिरफ्तार
अमेरिका में अवैध रूप से घुसने वाले करीब 97 हजार भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है। ये आंकड़ा एक साल यानि अक्टूबर 2022 से सितंबर 2023 का है। US कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन डेटा के मुताबिक गिरफ्तार किए गए 96,917 भारतीयों में से 41,770 भारतीय US-मेक्सिको बॉर्डर पार करते समय गिरफ्तार हुए।
जबकि 30,010 भारतीय US-कनाडा बॉर्डर पर पकड़े गए। अगर पिछले साल की बात करें तो लगभग 45,000 भारतीयों ने अवैध रूप से अमेरिका की दक्षिणी सीमा पार की है।
इस चक्कर में जान भी जोखिम डाल रहे भारतीय अपनी
अमेरिकन ड्रीम के चक्कर में भारतीय अपनी जान भी जोखिम डाल रहे हैं। पिछले साल 21 जनवरी को अमेरिका से 30 मील पहले कनाडा में एक गुजराती परिवार के चार लोगों के शव बर्फ में दबे मिले थे। यह परिवार अवैध तरीके से अमेरिका में दाखिल होना चाहता था और बर्फीले तूफान की चपेट में आ गया।
इसी तरह, पिछले साल जून में अमेरिकी सीमा पर पेट्रोलिंग टीम ने डूबती हुई बोट से 6 भारतीयों को बचाया। इन पर गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में घुसने का केस दर्ज किया गया था। US में एक करोड़ गैरकानूनी प्रवासी रहते हैं। इनमें 6 लाख से ज्यादा भारतीय हैं।
अमेरिका की जेलों में 20 हजार से ज्यादा भारतीय अवैध रूप से बंद
पिछले साल अवैध रूप से भारतीयों की एंट्री कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ था। 2022 में अमेरिकी एजेंसी ने भारतीयों की कनाडा सीमा से अवैध एंट्री कराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया था। गिरोह के सरगना जसपाल गिल को गिरफ्तार कर लिया गया, जो कैलिफोर्निया से यह नेटवर्क चलाता था।
एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका की जेलों में 20 हजार से ज्यादा भारतीय अवैध रूप से बंद हैं। इन जेलों में गैर-दस्तावेजी बंदियों से जबरन मजदूरी करवाई जाती है। इसके जरिए जेल मोटी कमाई करती हैं, लेकिन इन्हें न के बराबर भुगतान करती हैं। मजदूरी करने से मना करने वाले कैदियों को अंधेरी कोठरी में बंद कर दिया जाता है।