अक्सर ही हम रास्ता ढूंढने के लिए गूगल मैप का इस्तेमाल करते हैं। पर कई बार गूगल मैप का इस्तेमाल करना भारी पड़ जाता है। ऐसा ही एक मामला केरल से सामने आया है जहां कुछ दोस्तों को गूगल मैप का इस्तेमाल करना भारी पड़ गया और वह मुसबीत में फंस गए।
गूगल मैप की वजह से नदी में गिरे
दरअसल हैदराबाद से दोस्तों का एक ग्रुप घूमने के लिए केरल आया हुआ था, जहां रास्ता न पता होने के कारण उन्होंने गूगल मैप का सहारा लिया। लेकिन गूगल मैप से रास्ता देखते-देखते दोस्तों की कार नदी में गिर गई। जहां लोगों ने बड़ी मुश्किल से इन सभी को बचाया।
पुलिस ने दी घटना की जानकारी
घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि ये मामला शुक्रवार देर रात का है, जब चार लोगों का एक ग्रुप अलप्पुझा की ओर जा रहा था। इन चार लोगों में एक लड़की भी थी। इलाके में तेज बारिश हो रही थी इसलिए वे लोग जिस रास्ते पर सफर कर रहे थे, उस पर पानी भरा हुआ था और गूगल मैप का इस्तेमाल कर रहे थे।
पुलिस ने चारों लोगों को बचाया
गूगल मैप का इस्तेमाल करते हुए उनकी कार नदी में जा गिरी। कार में सवार सभी चार लोगों को गश्त लगा रही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बचा लिया गया। पर इस हादसे में उनकी कार पानी में डूब गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।