हरियाणा में मानसून ने दस्तक दे दी है। 7 दिनों में 56 फीसदी बारिश की कमी पूरी हो चुकी है। हरियाणा में 28 जून को मॉनसून आया था, तब 92% बारिश की कमी थी, अब यह घटकर 36% रह गई है। मानसून सीजन के दौरान राज्य में 41.2 मिमी बारिश हुई है। राज्य में 4 दिनों तक बारिश की संभावना है। वहीं, पंजाब के 6 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश में 9 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के मंडी में बारिश के कारण 60 सड़कें बंद हो गई हैं। चंडीगढ़ में भी मौसम विभाग ने दो दिन तक लगातार बारिश की संभावना जताई है।
हरियाणा के इन शहरों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुग्राम, पटौदी, झज्जर, बहादुरगढ़, सांपला, हिसार, नारनौद, खरखौदा, सोनीपत, करनाल, सफीदी, जिंद, असंध, कैथल, नीलोखेड़ी, नरवाना, टोहाना, कलैत, थानेसर, गुहला, को चेतावनी दी है। पिहोवा, शाहबाद, अंबाला में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने अन्य जगहों पर भी हल्की बारिश की संभावना जताई है।
हिमाचल में 9 जुलाई तक बारिश की संभावना
हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों शिमला, मंडी, सोलन, बिलासपुर और ऊना में पिछले 48 घंटों के दौरान अच्छी बारिश हुई है। इससे खासकर मंडी में मंगलवार रात को काफी तबाही मची, जिससे पंडोह के पास मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर खतरा पैदा हो गया है। बारिश के बाद मंडी जिले की 60 सड़कें वाहनों के लिए बंद हो गई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 9 जुलाई तक राज्य में लगातार बारिश की संभावना है।खासकर कल और परसों कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
चंडीगढ़-मनाली हाईवे को लैंडस्लाइड से खतरा
चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर लैंडस्लाइडिंग होने से यहां हाईवे पर दरारें आ गई है। इसके टूटने का खतरा बढ़ गया है। चंडीगढ़ में भी मौसम विभाग ने 2 दिनों तक लगातार बारिश के आसार जताए हैं।
बिहार में 5 और पुल गिरे
बिहार के सीवान और सारण जिले में बारिश के कारण बुधवार को एक दिन में पांच पुल ढह गए। इनमें तीन गंडकी नदी पर तो दो धमही नदी पर बने थे। पिछले 15 दिनों के दौरान राज्य में पुल गिरने की ऐसी 10 घटनाएं हुई हैं।
चंडीगढ़ में 2 दिन तक मौसम सुहावना रहेगा
चंडीगढ़ में भी दो दिन तक मौसम सुहावना रहने वाला है। बारिश के साथ चलने वाली हवाओं से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
इस बीच मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, असम, नगालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम में अति भारी बारिश और 9 राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।