लुधियाना के खन्ना में नेशनल हाईवे पर देर रात बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गई। इस हादसे में करीब 25 लोग घायल हो गए हैं जो सभी बिहार के रहने वाले हैं। घायलों में महिलाओं से लेकर बच्चे भी शामिल हैं। जिन्हें खन्ना के सिविल अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।
यूपी बिहार से आ रहे थे मजदूर
धान लगाने के लिए बिहार और यूपी से करीब 65 मजदूर बस में आ रहे थे। आधे लेबर को खन्ना में उतरना था। रात करीब साढ़े 12 बजे के बस नेशनल हाईवे पर गुरु अमरदास मार्केट के सामने बने कट पर रुकी। अभी कुछ मजदूर उतरे थे कि तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आकर बस से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। इस टक्कर से मजदूरों में चीख पुकार मच गई। साथ ही टक्कर लगने से बस आगे बढ़ गई और करीब डेढ़ सौ मीटर दूर जाकर एक ट्रांसफॉर्मर से टकराई। इससे भी जोरदार धमाका हुआ।
पार्किंग ठेकेदार ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया
आवाज सुनकर पास ही सिविल अस्पताल में मौजूद पार्किंग ठेकेदार बलजिंदर सिंह टीटू अपने साथियों समेत मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस बुलाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। साथ ही 108 एंबुलेंस और पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी।