ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 1.4°C की वृद्धि दर्ज की गई है। बठिंडा सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 34.6°C तक पहुंच गया, जबकि चंडीगढ़ में भी पारा 32.5°C को छू गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। अगले 24 घंटों में तापमान में 2 से 5 डिग्री तक की वृद्धि की आशंका है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। सुबह और रात की हल्की ठंडक राहत जरूर देगी, मगर दोपहर के समय तेज धूप सताएगी।
मार्च में भी बारिश की कमी
बता दें कि फरवरी के बाद मार्च में भी पंजाब में बारिश की कमी देखी गई। इस साल मार्च में मात्र 7.6 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो पिछले तीन वर्षों में सबसे कम रही। इस बार औसत से 66% कम वर्षा दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इसका मुख्य कारण वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की कमी है। आमतौर पर मार्च में आठ से नौ बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होते हैं, लेकिन इस बार यह केवल तीन से चार बार ही Active हुआ।
27 जनवरी से पहले तक प्रदेश में लगातार गर्म मौसम बना रहा, जिससे कई जिलों में दिन का तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। इसी कारण इस साल गेहूं की फसलें भी कई जिलों में जल्दी पक कर तैयार हो गई हैं।
राजस्थान में बारिश की संभावना
वहीं राजस्थान में बारिश की संभावना जताई गई है। तो दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री के पार जाने की उम्मीद है। लोगों को भी आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।