पंजाब के 13 जिलों में लगातार दूसरे दिन लू का अलर्ट जारी है। इनमें गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, फाजिल्का, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मनसा, लुधियाना और संगरूर शामिल हैं। कल 27 जून से तापमान में गिरावट आएगी। पंजाब के औसत तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है
हरियाणा में आज मौसम विभाग ने 8 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार शामिल हैं। अधिकतर जिलों में बादल छाए हुए हैं।बारिश और तेज़ हवाओं के कारण हरियाणा के औसत तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
जबकि चंडीगढ़ में कोई बदलाव नहीं देखा गया है। यहां का तापमान 40 डिग्री के आसपास रहता है। इसके साथ ही हिमाचल के मध्य और ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश हो रही है।
पंजाब ,चंडीगढ़ में बन रही बारिश की संभावनाएं
पंजाब में 28-29 जून को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और 30 जून-1 जुलाई को अधिकांश जिलों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। चंडीगढ़ में 27 से 29 जून तक तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश आ सकती है।
देश में मानसून की स्थिति
दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तरी अरब सागर, गुजरात राज्य और मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों और दक्षिण-पूर्व राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है।
अगले 3-4 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, पंजाब के उत्तरी हिस्से और हरियाणा के उत्तरी हिस्सों में 30 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है।
अयोध्या में जोरदार बारिश, घरों में बेड-सोफे डूबे
यूपी में मानसून का इंतजार खत्म हो गया। बुंदेलखंड में ललितपुर के रास्ते पहली बार मानसून ने यूपी में एंट्री की। बुधवार सुबह प्रदेश के 10 जिलों में जोरदार बारिश हुई। अयोध्या में इतनी जोरदार बरसात हुई कि हनुमानगढ़ी चौराहे के पास रामपथ पर पानी भर गया है। वहीं, जलावनपुरा समेत 3 मोहल्लों में जलभराव है। घरों में 2-3 फिट पानी भरा है। लोगों ने जैसे-तैसे फ्रिज, कूलर, फर्नीचर बचाए। सीजन की दूसरी बारिश में अयोध्या के विकास की पोल खुल गई है।
प्रयागराज में 5 घंटे बारिश
प्रयागराज में मंगलवार की रात करीब 12 बजे गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई, जो सुबह 5 बजे तक चलती रही। बिजली भी गिरी। सुबह 9 बजे तापमान 29°C दर्ज किया गया। आज पूरे दिन मौसम ठंडा बना रहेगा और अधिकतम तापमान 35 से 36°C रहने का अनुमान है।