जालंधर लोकसभा चुनाव में वेस्ट इलाके के बस्ती गुजां में वोट डालकर निकले भाजपा नेता योगेश चंद्र मल्होत्रा और उनकी पत्नी पूर्व पार्षद सुनंदा मल्होत्रा पर हमला करने वाले कांग्रेसी नेताओं पर थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने रजनी अंगुराल, शिखा वर्मा, सुमित कुमार उर्फ मिंटू और शालू जरेवाल को मुख्य आरोपी बनाते हुए उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 341, 323, 504 और 34 लगाई है। पुलिस इन आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
बता दें कि शनिवार को वोटिंग वाले दिन योगेश मल्होत्रा और रजनी अंगुराल ने एक दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाए थे। दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। जिसमें पुलिस ने भाजपा नेताओं के बयान पर आरोपियों के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है।
वोटिंग के दौरान हुआ हमला
पुलिस को दी शिकायत में भाजपा के जिला सैक्रेटरी योगेश चंद्र ने बताया कि वह अपनी पत्नी सुनंदा मल्होत्रा के साथ वोटिंग वाले दिन बस्ती नौ के आर्य कन्या सीनियर सैकेंडरी स्कूल में बने बूथ पर वोट डालकर निकल रहे थे।
जैसे ही वह भाजपा के बूथ पर पहुंचे तो पास ही लगे कांग्रेस पार्टी के बूथ पर खड़े कुछ कांग्रेसी नेताओं ने उन्हें गाली गलौच करना शुरू कर दिया। योगेश ने बताया कि उन्होंने कहा कि इनको पकड़ो यह लोग हमारी वोट खराब कर रहे हैं और भाजपा को वोट दिला रहे हैं। इसी बीच रजनी अंगुराल, शिखा वर्मा, सुमित कुमार मिंटू और शालू जरेवाल के अलावा 20-25 लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
सुमित मिंटू पर कड़ा मारकर घायल करने का आरोप
योगेश ने आरोप लगाया कि सुमित कुमार ने अपने हाथ से कड़े उतार कर उनके मुंह पर मारा। जिससे वह घायल हो गए। लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया कि वह लोग भाग निकले। तुरंत थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की और इन सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
रजनी ने बनाई थी भाजपा नेताओं की सूट बांटते की वीडियो
बस्ती गुंजा के पंचवटी मंदिर के पास रहने वाली रजनी अंगुराल ने दो दिन पहले पंचवटी मंदिर में महिलाओं को सूट बांटने की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की थी। जिसमें उसने आरोप लगाया था कि भाजपा प्रत्याशी सुशील रिंकू की पत्नी और सुनंदा मल्होत्रा वोट खरीदने के लिए सूट बांट रही हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।