पंजाब के जालंधर और आसपास से श्री माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे ने वंदे भारत ट्रेन का स्टॉपेज जालंधर सिटी स्टेशन पर देने का फैसला किया है, जो जालंधर से अमृतसर होते हुए कटड़ा स्टेशन तक जाएगी। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-अमृतसर वंदे भारत (26406) सुबह 6:40 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से चलेगी और अमृतसर 12:20 बजे पहुंचेगी। वापसी में अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा वंदे भारत शाम 4:25 बजे अमृतसर से चलेगी और रात 10 बजे कटड़ा स्टेशन पर पहुंचेगी।
क्या है ट्रेन का समय?
जालंधर सिटी स्टेशन पर यह ट्रेन 11:03 बजे पहुंचेगी। वापसी में अमृतसर रेलवे स्टेशन से ट्रेन शाम 4:25 बजे चलेगी और रात 10 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा (26405) तक जाएगी। जालंधर से वंदे भारत का किराया एक हजार से 1100 रुपये के बीच होगा। ट्रेन जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर 2 मिनट के लिए रुकेगी।
सप्ताह में 6 दिन चलेगी वंदे भारत ट्रेन
वंदे भारत ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ करेंगे।