ख़बरिस्तान नेटवर्क : जयपुर से एक दर्दनाक हादसे की वीडियो सामने आई है। जहां एक तेज रफ्तार SUV कार ने भीड़-भाड़ वाली सड़क पर 9 लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 6 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना सोमवार रात साढ़े 9 बजे की है और इसकी वीडियो भी सामने आई है।
घटना की सीसीटीवी फुटेज आई सामने
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे एक तेज रफ्तार SUV कार लोगों को रौंदते हुए आगे निकल जाती है। लोगों के रोकने के बाद भी कार चालक नहीं रूकता। पर स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान 62 साल के उस्मान खान के रूप में हुई है।
नशे में चला रहा था गाड़ी
लोगों के मुताबिक आरोपी नशे में होकर गाड़ी चला रहा था। क्योंकि उसे पता नहीं लगा था कि उसके सामने कौन आ रहा है और कौन नहीं। घटना के बाद लोग उसे पकड़ने के लिए दौड़े तो वह बोलने की हालत में नहीं था। पकड़ने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
एक महिला सहित 3 लोगों की मौत
हादसे में वीरेंद्र सिंह (48), ममता कंवर (50), मोनेश सोनी (28), मोहम्मद जलालुद्दीन (44) , दीपिका सैनी (17), विजय नारायण (65), जेबुन्निशा (50), अंशिका (24) व अवधेश पारीक (37) को घायल स्थिति में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर्स ने ममता कंवर और अवधेश को मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह वीरेंद्र सिंह की भी मौत हो गई।
एक घंटे तक सड़कों पर मौत बनकर दौड़ी कार
पुलिस अधिकारी बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि आरोपी ड्राइवर उस्मान खान (62) ने सबसे ज्यादा टक्कर करीब 500 मीटर के एरिया में मारी है। नाहरगढ़ में संतोष माता मंदिर के पास आरोपी ड्राइवर ने पहले स्कूटी-बाइक को टक्कर मारी, फिर सड़क पर गिरे लोगों को कुचलते हुए भाग गया। आरोपी ने थाने के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी टक्कर मारी है। आरोपी करीब एक घंटे तक कार दौड़ाता रहा। आरोपी फैक्ट्री का मालिक है।