गोल्डन टेंपल में प्रकाश पर्व की रौनक, सुबह से माथा टेकने पहुंच रहे श्रद्धालु, रात को होगा खास आयोजन!

Festive fervor at the Golden Temple for Prakash Parv; devotees have been arriving since morning to pay their respects, with a special event planned for tonight!

अमृतसर में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर गोल्डन टेंपल में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने के लिए श्री हरमंदिर साहिब पहुंच रहे हैं। प्रकाश पर्व के अवसर पर आज रात गोल्डन टेंपल परिसर में भव्य दीपमाला और आतिशबाजी की जाएगी, जिससे पूरा परिसर दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठेगा।

प्रकाश पर्व की सुबह से ही संगत में खास उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान किया और लंबी कतारों में लगकर गुरु घर में माथा टेका। इस दौरान संगत ने गुरबाणी कीर्तन का श्रवण किया और सरबत के भले की अरदास की। श्रद्धालु वाहेगुरु का जाप करते भी नजर आए।

इस मौके पर श्रद्धालुओं ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को नाम जपो, किरत करो और वंड छको का संदेश दिया है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता, प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत किया जा सकता है। संगत ने एक-दूसरे को प्रकाश पर्व की बधाई भी दी।

SGPC ने किए विशेष इंतजाम

प्रकाश पर्व को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। गुरु घर में माथा टेकने पहुंचे श्रद्धालुओं ने SGPC के इंतजामों की सराहना की।

रात को होगी दीपमाला और आतिशबाजी

आज शाम रहरास साहिब के पाठ के बाद गोल्डन टेंपल परिसर में देसी घी के दीये और मोमबत्तियां जलाकर भव्य दीपमाला की जाएगी। इसके बाद रात को आतिशबाजी होगी। इसके साथ ही सचखंड श्री हरमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब और गुरुद्वारा बाबा अटल राय जी में ऐतिहासिक जलो साहिब सजाए जाएंगे। संगत इन जलों में सुशोभित पुराने और बेशकीमती आभूषणों तथा शस्त्रों के दर्शन कर सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *